रांची। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में मंगलवार को हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में काम करने वाले कारीगर अजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
ग्राहक से विवाद के बाद किया हमला
जानकारी के अनुसार, दुकान में काम करने के दौरान अजय दास की एक ग्राहक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर ग्राहक ने धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में अजय को पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पश्चिम बंगाल का रहने वाला था मृतक
अजय दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का निवासी था और रांची में फूड कॉर्नर में कारीगर के रूप में काम करता था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से बाजार के दुकानदारों में दहशत है।

