सरगुजा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा ने सीमावर्ती और दूरस्थ खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में गड़बड़ी या अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीमावर्ती केंद्रों पर कड़ी निगरानी
कमिश्नर ने वाड्रफनगर, बसंतपुर और सूरजपुर के नवगई धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। दूसरे राज्यों का धान खपाने से रोकने के लिए जांच चौकियों पर निगरानी बढ़ाने और विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
किसानों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली और केंद्रों पर बारदाना, पेयजल, बिजली जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही बिचौलियों के जरिए धान खरीदी और किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

