रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से फसलों को हुए नुकसान के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मिलेगी राहत राशि
फसल नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद सर्वे रिपोर्ट के आधार पर राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्र किसानों को सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सर्वे और राहत वितरण में देरी नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों को जल्द राहत देने पर जोर
सीएम साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को सहायता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। नुकसान का सही आकलन कर निर्धारित समय-सीमा में राहत राशि देने की प्रक्रिया पूरी की जाए।


