रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर रविवार, 1 नवंबर को तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान प्रदेश के विकास और सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी
विकसित भारत में छत्तीसगढ़ का योगदान
केंद्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका होगी। उन्होंने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, औद्योगिक निवेश और बस्तर में उभरती नई संभावनाओं का उल्लेख किया।
किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन करीब 1,600 पक्के मकान बनाए जा रहे हैं।
बस्तर में शांति और विकास को प्राथमिकता
सीएम ने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में अब सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर 21 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


