बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मामूली पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 65 वर्षीय दादी की हत्या कर दी। दादी ने देर रात घर लौटने और गांव में घूमने को लेकर उसे डांटा था। इसी बात से नाराज होकर पोते ने लकड़ी के खाट के पाए से उनके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
डांट से नाराज होकर किया हमला
मृतका की पहचान नरबदा कोसले के रूप में हुई है। वह अपने पोते मृत्युंजय कोसले उर्फ बब्बू के साथ रहती थीं। सोमवार रात युवक देर से घर लौटा तो दादी ने उसे समझाते हुए फटकार लगाई। गुस्से में आकर युवक ने खाट के लकड़ी के पाए से दादी के सिर पर हमला कर दिया।
पिता को फोन कर बताई हत्या की बात
वारदात के बाद आरोपी ने दूसरे शहर में मजदूरी कर रहे अपने पिता सजन कोसले को फोन कर बताया कि उसने दादी की हत्या कर दी है। पिता की सूचना पर रिश्तेदार और ग्रामीण घर पहुंचे। अंदर से दरवाजा बंद होने पर खिड़की से झांककर देखा तो बुजुर्ग महिला खून से लथपथ पड़ी थीं।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
सूचना पर डायल 112 और पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी ने दरवाजा खोला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद आरोपी मृत्युंजय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी देर रात तक घर से बाहर रहता था और नशा भी करता था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।


