कोरबा। दिवाली से पहले कोरबा में चोरों ने मंदिरों को निशाना बनाकर पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के दो मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। खास बात यह है कि एक ही हनुमान मंदिर में 24 घंटे के भीतर दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
CCTV में कैद हुई चोरी
पहली घटना निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर की है। यहां देर रात करीब 12:13 बजे एक चोर मंदिर में घुसा और दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
हनुमान मंदिर को दो बार बनाया निशाना
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना के पास स्थित हनुमान मंदिर की है। यहां चोरों ने पहले दो दान पेटियां चोरी कीं और फिर दोबारा मंदिर में घुसकर चांदी का मुकुट भी चुरा लिया।
लगातार हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।


