सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र के बालमपुर गांव में सरकारी राशन दुकान से करीब 60 से 70 बोरी चावल चोरी हो गया। शुक्रवार रात हुई इस घटना का पता शनिवार सुबह चला, जब दुकान का दरवाजा खुला मिला और स्टॉक की जांच में चावल कम पाया गया।
राशन वितरण में देरी पर उठे सवाल
बालमपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन जीवन सेवा समिति करती है। चोरी के बाद ग्रामीणों ने समय पर राशन वितरण नहीं होने को लेकर समिति संचालक पर सवाल उठाए। ग्रामीणों को चिंता है कि इस घटना से हितग्राहियों को राशन मिलने में परेशानी हो सकती है।
दुकान के पास मिला बिखरा चावल
समिति संचालक दिव्या गुलाब खेस के मुताबिक, दुकान में नए आवंटन सहित चावल का स्टॉक मौजूद था, जिसमें से करीब 70 बोरी कम मिली हैं। बतौली की खाद्य अधिकारी श्वेतरानी कुजूर ने बताया कि दुकान के पास एक घर के नजदीक चावल बिखरा मिला है। उन्होंने स्थानीय लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई है।
मामले की रिपोर्ट सीतापुर थाने में दर्ज कराने की बात कही गई है। चोरी के पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद होगा।


