रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, UAE सरकार ने अब तक भारत को इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ED और CBI उसे भारत लाने की तैयारी में जुटी हैं।
रवि उप्पल पर इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस
भिलाई निवासी रवि उप्पल पर दुबई से महादेव ऐप का संचालन करने का आरोप है। अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। दिसंबर 2023 में दुबई में हिरासत के बाद उसे करीब 45 दिन में रिहा कर दिया गया था। जनवरी 2024 में ED ने उसके प्रत्यर्पण की मांग की थी।
सौरभ चंद्राकर 8 दिन की रिमांड पर
वहीं, मामले के दूसरे प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर सौंपा है। CBI उसे दिल्ली मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी उससे सट्टा ऐप के संचालन, आर्थिक लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।


