Political News : वोट चोरी के आरोपों पर अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले…

Political News : वोट चोरी के आरोपों पर अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले…

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के वोट चोरी अभियान और SIR को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी कमजोरियों को स्वीकारने के बजाय चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। 17 नगरीय निकाय चुनावों में हार की आशंका से कांग्रेस अभी से बहाने तलाश रही है।

भूपेश बघेल पर भी साधा निशाना
भूपेश बघेल की राहुल गांधी को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसते हुए साव ने कहा कि किसकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है, यह देश देख रहा है। जिस नेता के नेतृत्व में कांग्रेस 100 चुनाव हार चुकी है, उसे कौन भाव देगा।

SIR पर कांग्रेस को घेरा
SIR को लेकर अरुण साव ने कहा कि आजादी के बाद देश में 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार रही। उस समय कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब SIR को लेकर भ्रम फैला रही है और घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी है।

विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप
भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में अस्थिरता और अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपात्र लोगों को मतदाता सूची में बनाए रखने के पक्ष में है। भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के इस रवैये को उजागर करेगी।

News and Politics