बालोद। अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शनिवार को उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
78 वर्षीय कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि वे सरल स्वभाव के जनप्रतिनिधि थे और हमेशा क्षेत्र के विकास व जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते थे।
राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित
विधायक के निधन पर बालोद जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। अब समारोह में केवल शासकीय योजनाओं और जिले के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।


