अयोध्या, 14 सितम्बर। Ram Mandir Temple Rules: अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पुजारियों की सेवा और आचरण को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत पुजारियों को धर्म समिति द्वारा निर्धारित वस्त्र पहनना अनिवार्य होगा। मंदिर परिसर में तिलक लगाना और पंचकेशी क्षौर का पालन भी जरूरी किया गया है।
नई व्यवस्था के अनुसार, शौच के बाद बिना स्नान किए मंदिर या कोठार में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। गर्भगृह में मंदिर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए भोग-प्रसाद के अलावा बाहर की किसी अन्य सामग्री को ले जाने पर भी रोक रहेगी।
गर्भगृह में मोबाइल फोन पर रोक
पुजारियों को गर्भगृह में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ड्यूटी के दौरान मंदिर व्यवस्था, धर्मगुरुओं और आचार्यों के अलावा अन्य कर्मचारियों, ट्रस्ट से जुड़े लोगों या सुरक्षा कर्मियों से अनावश्यक बातचीत और संपर्क से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर में सेवा के दौरान पुजारियों को समूह में चर्चा, लगातार बातचीत और हंसी-मजाक से दूर रहने को कहा गया है। किसी अप्रिय स्थिति में शांतिपूर्वक मामले को संभालने और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार अधिकारियों से सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सेवाकाल के बाद देनी होगी लिखित समीक्षा
पुजारियों को निर्धारित समय का पालन करने और सेवा के दौरान तय स्थान पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी तरह की असंतुष्टि या असहयोग की स्थिति में आचार्य से सलाह लेने को कहा गया है। सेवा समाप्त होने के बाद सहयोगियों को लिखित रूप में समीक्षा देने की व्यवस्था भी की गई है।
आचार्य इंद्रदेव मिश्रा के अनुसार, राम मंदिर में रामानंदी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कराई जा रही है। वहीं मंदिर व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पुजारियों के लिए कोई अलग विशेष आदेश या सनद जारी नहीं की गई है, बल्कि पूजा-अर्चना की मर्यादा और मंदिर व्यवस्था से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई है। कृष्ण जन्माष्टमी से मंदिर में आरती की प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है।
निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक शुरू
इसी बीच श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक भी शुरू हो गई है। समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने निर्माणाधीन स्मारक स्तंभ और पुराने अस्थायी मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
इसके बाद श्रद्धालु सुविधा केंद्र के सभागार में निर्माण और अन्य परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मंदिर और उससे जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
मंदिर परिसर के चारों ओर करीब 4 किलोमीटर लंबी बाहरी सुरक्षा दीवार के निर्माण पर भी चर्चा होने की संभावना है। 15 सितंबर को राम कथा संग्रहालय में होने वाली बैठक में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के पहली बार शामिल होने की संभावना है।


