Labour Protest: वेलकम डिस्टलरी प्लांट शुरू कराने की मांग… मजदूरों ने किया प्रदर्शन

Labour Protest: वेलकम डिस्टलरी प्लांट शुरू कराने की मांग… मजदूरों ने किया प्रदर्शन

कोटा, 11 सितम्बर। Labour Protest: वेलकम डिस्टलरी प्लांट को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने मजदूरों के साथ प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा का कहना है कि प्रदूषण विभाग की कार्रवाई के बाद प्लांट पिछले करीब तीन महीनों से बंद है। इसके चलते यहां काम करने वाले करीब 800 श्रमिकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

मोर्चा के अनुसार, प्लांट बंद होने के बावजूद कंपनी अन्य स्थानों से स्पिरिट मंगाकर उत्पादन करा रही है। वहीं स्थानीय श्रमिकों को काम नहीं मिलने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। संगठन का दावा है कि करीब 800 मजदूरों के साथ लगभग 4 हजार लोगों के परिवारों की आजीविका इस प्लांट से जुड़ी हुई है।

प्रदूषण विभाग की रिपोर्ट मंगाने की मांग

छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने कलेक्टर से प्रदूषण विभाग की रिपोर्ट मंगाकर पूरे मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्लांट को जल्द शुरू कराने की मांग की है। संगठन ने कहा कि प्लांट बंद रहने से हजारों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी में पिछले करीब 30 वर्षों से शराब का उत्पादन किया जा रहा है, लेकिन इससे पहले प्रदूषण के कारण कंपनी को बंद करने की स्थिति नहीं बनी। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जब तक प्लांट दोबारा शुरू नहीं होता, तब तक प्रभावित श्रमिकों के वेतन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

छत्तीसगढ़