Raipur Analogue Paneer: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई… 650 किलो नकली पनीर जब्त

Raipur Analogue Paneer: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई… 650 किलो नकली पनीर जब्त

रायपुर, 11 सितम्बर। Raipur Analogue Paneer: शहर में नकली और अमानक पनीर के खिलाफ खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीरगांव में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की सूचना पर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 650 किलो पनीर जब्त किया है। बताया जा रहा है कि पनीर की यह खेप पिकअप वाहन से ओडिशा भेजी जा रही थी।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने जोरा मॉल के पास पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से बड़ी मात्रा में पनीर बरामद हुआ। जब टीम ने ड्राइवर से पनीर से संबंधित जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

फैक्ट्री में तैयार किए जाने की जानकारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीरगांव के ओमिया मार्केट स्थित पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री के अंदर सांवलिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट के नाम से पनीर तैयार किया जा रहा था। विभाग अब फैक्ट्री में पनीर बनाने की प्रक्रिया, इस्तेमाल होने वाली सामग्री और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक लैब रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक महीने में पांचवीं कार्रवाई

रायपुर में पिछले एक महीने के दौरान अमानक या एनालॉग पनीर के खिलाफ पांच कार्रवाई हो चुकी हैं। इनमें से तीन मामलों की लैब रिपोर्ट सामने आ चुकी है। दो मामलों में पनीर अमानक पाया गया, जबकि एक मामले में पनीर तय मानकों के अनुरूप मिला। दो मामलों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।

छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध की घोषणा 31 जुलाई को राजपत्र में प्रकाशित हो चुकी है। इसके बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने ऐसे उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

छत्तीसगढ़