Swachh Bharat Mission : मुख्यमंत्री विष्णु देव की पहल, छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को राष्ट्रीय सम्मान…

Swachh Bharat Mission : मुख्यमंत्री विष्णु देव की पहल, छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को राष्ट्रीय सम्मान…

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने एक और उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी।

मुख्मंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान जनआंदोलन बन चुका है और छत्तीसगढ़ भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सफाई मित्रों को मिलेगा विशेष सम्मान

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी है। राष्ट्रीय समारोह में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और अन्य मैदानी कर्मचारियों को विशेष महत्व दिया जाएगा। प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।

अन्य शहरों को भी मिलेगी प्रेरणा

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छता केवल पुरस्कार या प्रतियोगिता तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों से स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

News and Politics राज्य खबर