बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के आडेझर गांव में दीपावली की रात एक बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गई। महामाया थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पत्नी से विवाद कर रहे सुखराम नेताम ने अपने 60 वर्षीय मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पत्नी से विवाद के बीच बुजुर्ग पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 12 बजे की है। आरोपी सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। इसी दौरान उसने पास में सो रहे रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बांधा
वारदात की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक रत्तीराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ और घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

