बिलासपुर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। RPF, GRP और सिविल डिफेंस के कर्मचारी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं।
भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात
बिलासपुर के अलावा उसलापुर, रायगढ़, चांपा और कोरबा स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रण के लिए RPF और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम तैनात है।
डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा
यात्रियों को कतार में रहकर सुरक्षित बोर्डिंग करने और पहले उतरने वाले यात्रियों को रास्ता देने की समझाइश दी जा रही है। टिकट के लिए एम-यूटीएस और RailOne ऐप के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त सहायता कर्मियों और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

