रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश का दौर थमने के बाद अब प्रदेश में ठंड बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में 14.4, दुर्ग में 15.2 और माना एयरपोर्ट पर 16.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
दुर्ग सबसे गर्म, रायपुर में साफ रहेगा आसमान
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 नवंबर को राजधानी में आसमान मुख्यतः साफ रहने और अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
फिलहाल बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। दिन में हल्की गर्मी बनी रह सकती है, जबकि सुबह और रात के समय तापमान गिरने से ठंड का अहसास बढ़ेगा।

