इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र स्थित साईं विहार कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बच्चों को भेजा था खेलने
मृतकों की पहचान पवन सोनी (40) और पत्नी वर्षा (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले पवन ने अपने 15 वर्षीय बेटे और 7 वर्षीय बेटी को गार्डन में खेलने भेज दिया था। शाम करीब 4 बजे घर लौटने पर बच्चों ने मां का खून से लथपथ शव और पिता को फंदे पर लटका देखा।
मोबाइल जब्त, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई है। वर्षा की रेहान नामक युवक से बातचीत को लेकर भी तनाव होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और मामले की जांच जारी है।

