रायपुर। छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार बढ़ाने के अवसरों की जानकारी देने के लिए 12 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड में होगा।
मुक्त व्यापार समझौतों के लाभों पर चर्चा
कार्यशाला में भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के जरिए मिलने वाले व्यापारिक अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसमें विशेष रूप से ब्रिटेन (UK), ओमान, न्यूजीलैंड, UAE और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के बाजारों में भारतीय उत्पादों के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा होगी। इन समझौतों के तहत कई उत्पादों को शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है।
निर्यातकों को मिलेगी व्यावहारिक जानकारी
कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, ITPO और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विशेष सत्र होंगे, जिनमें संभावित निर्यात उत्पादों, उत्पत्ति के नियमों और गैर-शुल्क बाधाओं पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाने के लिए व्यावहारिक जानकारी देना है।

