रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा ने राष्ट्रीय पुरस्कारों में जगह बनाई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन निकायों को सम्मानित करेंगी।
विज्ञान भवन में होगा सम्मान समारोह
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से सुबह 11:30 बजे पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहेंगे।
सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत का नतीजा
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में इन तीनों शहरों का चयन सफाई मित्रों की मेहनत, नगरीय निकायों के प्रयासों और नागरिकों की भागीदारी के चलते हुआ है। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। खास बात यह है कि पिछले सर्वेक्षण में भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।

