राजनांदगांव। कोरबा से यशवंतपुर जा रही वैनगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में गुरुवार दोपहर बम होने की सूचना से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ट्रेन को राजनांदगांव स्टेशन पर रोककर इंजन की जांच कराई गई।
इंजन की सघन जांच, नहीं मिला विस्फोटक
ट्रेन संख्या 12252 के लोको पायलट आर. रविदास को दोपहर 2:35 बजे एक व्यक्ति ने इंजन में बम होने की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हालांकि इंजन में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद शाम 3:57 बजे ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया।
सूचना देने वाले की हुई पहचान
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान 48 वर्षीय आमिर दास के रूप में हुई है, जो बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। उसके पास से कोई पहचान पत्र, यात्रा टिकट या मोबाइल नंबर नहीं मिला। मौके पर आरपीएफ प्रभारी तरुणा साहू, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और BDDS की टीम मौजूद रही।

