अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में कबरा हाथी की दहशत बढ़ गई है। हाथी के हमले में एक महिला की मौत और दूसरी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। सुरक्षा को देखते हुए सायर, कुदर बसवार समेत आसपास के करीब 14 स्कूलों में 13 नवंबर को अवकाश घोषित किया गया है।
छह महीने में 19 से अधिक लोगों की मौत
झुंड से अलग घूम रहा कबरा हाथी पिछले करीब छह महीनों से सूरजपुर और बलरामपुर जिले में वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ था। इसके हमलों में अब तक 19 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अब इसकी मौजूदगी उदयपुर क्षेत्र में होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
ड्रोन से निगरानी, कुमकी हाथियों से रेस्क्यू की तैयारी
वन विभाग की टीमें जंगल में कबरा की तलाश कर रही हैं। उसकी लोकेशन जानने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। वहीं, हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं।

