रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो रही है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खरीदी अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
3,100 केंद्रों पर होगी धान खरीदी
इस साल प्रदेश के 3,100 उपार्जन केंद्रों में 27.50 लाख से अधिक किसान धान बेच सकेंगे। सरकार ने 160 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य रखा है। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा। अब तक 3 लाख 50 हजार 972 किसानों को टोकन जारी किए जा चुके हैं।
कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा लाभ
इस बार 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। अब 15 क्विंटल धान बेचने पर भी शेष 6 क्विंटल का लाभ मिलेगा। पात्र किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये की आदान सहायता दी जाएगी। राशि सीधे आधार लिंक बैंक खाते में पहुंचेगी।
निगरानी के लिए 273 चेक पोस्ट
अवैध धान की आवक रोकने के लिए 273 चेक पोस्ट पर निगरानी होगी। वहीं, टोकन के लिए ‘तुहर टोकन’ ऐप और खरीदी केंद्रों पर माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

