जगदलपुर। अंतरराज्यीय बस स्टैंड में ड्राइवरों की हड़ताल का असर तीसरे दिन भी जारी रहा। बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ओडिशा, बीजापुर, रायपुर, सुकमा और चित्रकोट मार्ग पर प्रदर्शनकारियों ने बसें रोक दीं। लोहंडीगुड़ा में स्कूल बसों का संचालन भी बाधित रहा।
ड्राइवरों ने रखीं कई मांगें
सामान्य दिनों में बस स्टैंड से रोजाना 200 से अधिक बसें छत्तीसगढ़ के सात जिलों सहित ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लिए चलती हैं। हड़ताल के कारण यात्री घंटों बसों का इंतजार करते रहे।
लोकल ड्राइवर कल्याण संघ राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून और ड्राइवर आयोग के गठन की मांग कर रहा है। इसके अलावा बीमा, पेंशन, कैशलैस इलाज, उचित वेतन, पीएफ-ईएसआईसी और ओवरटाइम भुगतान के साथ निर्धारित कार्य समय लागू करने की मांग उठाई गई है।

