रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। कोंडागांव और रायगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकारों ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति ने कलाकारों से उनकी पारंपरिक कला, निर्माण तकनीक और कारीगरी के बारे में जानकारी ली।
पीढ़ियों से संभाल रहे ढोकरा कला की विरासत
यह प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड में पंजीकृत शिल्पकारों का था। राष्ट्रपति की इच्छा पर इन कलाकारों को राष्ट्रपति भवन आमंत्रित किया गया था। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध ढोकरा कला अपनी अनूठी तकनीक और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। इसके जरिए शिल्पकार देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी आकर्षक कलाकृतियां तैयार करते हैं।
राष्ट्रपति भवन तक पहुंची जनजातीय संस्कृति
कोंडागांव और आसपास के क्षेत्रों के कई परिवार पीढ़ियों से इस कला को सहेज रहे हैं। राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और जनजातीय सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

