बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की आजादी के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान भारत की गौरवशाली विरासत का हिस्सा है। इन वीरों ने स्वतंत्रता के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया। उनके जीवन से युवा पीढ़ी को साहस, एकता और देशभक्ति की प्रेरणा मिलती है।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री सोमवार को बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर वीर नायकों के जीवन और संघर्ष पर आधारित प्रदर्शनी देखी। कार्यक्रम में संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर के योगदान को किया याद
सीएम साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जनजातीय नायकों ने भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे महानायकों का योगदान प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भी बिरसा मुंडा के संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

