रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश की करीब 35 प्रतिशत आबादी युवा है और यही शक्ति 2047 तक भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। युवाओं को मेहनत, अनुशासन और नवाचार के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। राज्यपाल बुधवार को लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ को संबोधित कर रहे थे। इसमें महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा शामिल हुए।
गांवों और कृषि में तलाशें रोजगार के अवसर
राज्यपाल ने युवाओं से गांवों में रोजगार के नए अवसर तलाशने और जैविक खेती व आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि को स्टार्टअप और उद्यमिता से जोड़कर विकास के नए रास्ते खोले जा सकते हैं।
बस्तर में बदलाव का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति और विकास को गति मिली है। दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाएं बढ़ रही हैं और बच्चे नियमित स्कूल जा रहे हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल ने प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया और उनसे संवाद किया।

