रायपुर। छत्तीसगढ़ में नियमितीकरण, ग्रेड पे और वेतन वृद्धि सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेज परिसरों में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जा रहा है। इसमें नियमित, संविदा और डेली वेजेस पर कार्यरत स्टाफ नर्स शामिल हैं।
नियमितीकरण और ग्रेड पे प्रमुख मांग
नर्सिंग ऑफिसर्स की प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना और संविदा, डेली वेजेस व NHM कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है। इसके अलावा ग्रेड पे, वेतन वृद्धि और सेवा संबंधी अन्य मांगों को लेकर भी आंदोलन किया जा रहा है। इसकी आधिकारिक सूचना स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को दी जा चुकी है।
21 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
नर्सिंग ऑफिसर्स ने चेतावनी दी है कि यदि 2 से 3 दिनों के भीतर ग्रेड पे को लेकर आदेश जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसके तहत 21 नवंबर को प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारी नवा रायपुर स्थित प्रदर्शन स्थल पर जुटेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

