बेतिया। बिहार के बेतिया में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइक से पहुंचे आठ बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर सोने, चांदी, हीरे के आभूषण और नकदी लूट ली। पूरी वारदात महज 10 से 15 मिनट में हुई।
कर्मचारियों को बनाया बंधक
कालीबाग थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों और मौजूद लोगों के हाथ बांधकर मोबाइल छीन लिए। विरोध करने पर एक कर्मचारी को बंदूक की बट से पीटा गया। दो लोगों के सिर पर चोट लगने की भी जानकारी है।
30 से 40 करोड़ की लूट की चर्चा
शोरूम से 30 से 40 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे जाने की चर्चा है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन होना बाकी है। फरार होते समय बदमाशों ने दोबारा आने की धमकी भी दी।
घटना के बाद DIG हरकिशोर राय, SSP कुमार गौतम और DSP अजीत कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

