रायपुर। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं की झलक पेश करेगा। 20 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के कलाकार सात पारंपरिक लोकनृत्यों के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
सात लोकनृत्यों से दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
शाम 5 बजे एम्फी थिएटर-01 में आयोजित कार्यक्रम में गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इन नृत्यों के जरिए जनजातीय जीवन, लोक आस्था, ग्रामीण परंपराओं और सामूहिक उत्सवों की झलक देखने को मिलेगी।
समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे।
व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी आकर्षण
भारत मंडपम में बने छत्तीसगढ़ के पवेलियन में बस्तर की बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और हर्बल उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के साथ चित्रकोट जलप्रपात का वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।
पवेलियन में स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के उत्पादों के जरिए प्रदेश की कला, हुनर और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी सामने रखा जा रहा है।

