बीजापुर। जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निर्माण में करीब 19.17 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। जांच में 24 सड़कों का निर्माण अधूरा मिलने के बावजूद भुगतान किए जाने का खुलासा हुआ है। मामले में राज्य सरकार ने 13 अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
रिकॉर्ड में 218 किमी, मौके पर 116 किमी काम
जांच में सरकारी रिकॉर्ड में 218 किलोमीटर सड़क पर मिट्टी का काम दर्ज मिला, जबकि मौके पर केवल 116 किलोमीटर में काम पाया गया। निर्माण की गुणवत्ता भी मानक के अनुरूप नहीं थी।
ठेकेदारों से होगी वसूली
15 ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। पांच ठेकेदारों से करीब 5.50 करोड़ रुपये की वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। जवाब नहीं देने या राशि जमा नहीं करने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्च 2027 तक पूरी होंगी अधूरी सड़कें
बीजापुर और सुकमा की 68 सड़कों का नए सिरे से टेंडर कर मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, बस्तर संभाग की 148 अधूरी सड़कों को भी 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

