बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 16 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। कक्षा 11 में पढ़ने वाले छात्र के पिता ने स्कूल की 26 वर्षीय शिक्षिका रुपाली पर बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
स्कूल से जुड़ा है मामला
मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक स्कूल का है, जहां छात्र कक्षा 11 में पढ़ता है, जबकि आरोपी शिक्षिका करीब एक साल से स्कूल में पढ़ा रही है। छात्र के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस कर रही तलाश
पिता की शिकायत पर कप्तानगंज पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी एसआई सुनील कुमार तिवारी को सौंपी है। पुलिस छात्र और शिक्षिका की लोकेशन पता लगाने में जुटी है। फिलहाल दोनों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

