बिलासपुर। बारिश थमने के बाद जिले में धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है। इस बीच प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ खरीदी करने और गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसानों को मिलेगा नया टोकन
बारिश के कारण धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को सुविधा के अनुसार नई तारीख का टोकन जारी करने को कहा गया। साथ ही तौल मशीनों की जांच, केंद्रों की व्यवस्था सुधारने और नोडल अधिकारियों को रोजाना निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
400 किसानों के रिकॉर्ड में मिली त्रुटि
रानीगांव केंद्र में 400 किसानों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली थी। इनमें से 250 रिकॉर्ड सुधारे जा चुके हैं, जबकि बाकी 150 के सुधार का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

