पिथौरा। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली नाका पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी और 3.39 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। चांदी की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार समेत कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई कार
जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर को बसना थाना पुलिस पलसापाली चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान CG 23Q 9222 नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में उमेश कंसारी (रायपुर) और रोशन कुमार साहू (गरियाबंद) सवार थे।

छह बैगों में मिले चांदी के सामान
तलाशी के दौरान कार से छह बैग मिले, जिनमें चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां रखी थीं। इनका कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम पाया गया। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद हुए।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्ती
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से चांदी और नकदी से संबंधित GST बिल, ई-वे बिल और परिवहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद BNSS की धारा 106 के तहत चांदी, नकदी और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार जब्त कर ली गई। मामले की सूचना GST आयुक्त को भी भेजी गई है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

