भाटापारा-रायपुर में रेलवे का सख्त चेकिंग अभियान, पकड़े गए 325 यात्री…

भाटापारा-रायपुर में रेलवे का सख्त चेकिंग अभियान, पकड़े गए 325 यात्री…

भाटापारा। बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन सहित 16 ट्रेनों में हुई जांच के दौरान कुल 325 मामले पकड़े गए। रेलवे ने इनसे 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व वसूला।

बिना टिकट यात्रा करने वाले 207 यात्री पकड़े गए

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाए गए अभियान में 207 यात्री बिना टिकट सफर करते मिले। इनसे 2 लाख 14 हजार 635 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 102 यात्रियों से 74 हजार 800 रुपये और अधिक लगेज ले जाने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपये वसूले गए। अन्य एक मामले में 435 रुपये का राजस्व मिला।

नियमों के पालन की अपील

अभियान में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और 20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों की टीम शामिल रही। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर ही सफर करने, निर्धारित श्रेणी के कोच में यात्रा करने और अधिक लगेज होने पर उसकी बुकिंग कराने की अपील की है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टिकट नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

छत्तीसगढ़