मुंगेली। स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित मुंगेली व्यापार मेला दस साल पूरे कर 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। मेले का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार मेला अब मुंगेली की पहचान बन चुका है।
माजसेवियों और प्रतिभाओं का सम्मान
पहले दिन समाजसेवा, साहित्य, खेल, कला, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रशांत साहू, डॉ. मनीष बंजारा, मनोज अग्रवाल, हर्ष शर्मा, परसराम मंगलानी और गोपिका कश्यप सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल रहीं। स्व. गोरेलाल राजपूत को देहदान के लिए मरणोपरांत सम्मान दिया गया।
वहीं राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों में 12वीं के चैतुराम साहू और 10वीं के अंशुल शर्मा (99%), नंदिता देवांगन (98.8%) तथा हेमा साहू (97.8%) को सम्मानित किया गया।


रंगोली और समूह नृत्य प्रतियोगिता
पहले दिन छत्तीसगढ़ी लोककला मंच अंजोर की गायिका गरिमा और स्वर्णा दिवाकर ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी। वहीं 28 नवंबर को दोपहर 2 बजे रंगोली, शाम 6 बजे समूह नृत्य प्रतियोगिता और रात 9 बजे सोनहा माटी के गायक भूपेंद्र जायसवाल की प्रस्तुति होगी।
आयोजन का उद्देश्य स्थानीय व्यापार और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है।

