रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से रोगों की पहचान और उपचार आसान हुआ है, लेकिन ये डॉक्टर के अनुभव, शारीरिक परीक्षण और संवेदनशील व्यवहार का विकल्प नहीं बन सकते। मरीजों का इलाज करते समय तकनीक के साथ मानवीय संवेदना भी जरूरी है।
एम्स रायपुर में वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ
राज्यपाल रमेन डेका ने एम्स रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) की छत्तीसगढ़ शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस दौरान एम्स के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट और डॉक्टर मौजूद रहे।
AI और आधुनिक तकनीक की भूमिका पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि रेडियोलॉजी ने एक्स-रे से लेकर अल्ट्रासाउंड और एमआरआई तक लंबा सफर तय किया है। आज AI, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपकरण चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बना रहे हैं। हालांकि, सटीक निदान के लिए डॉक्टर का अनुभव, सूक्ष्म अवलोकन और मरीज से संवाद भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेगी तकनीक से मदद
उन्होंने कहा कि इंटरनेट और AI के जरिए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है। वहीं डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर भी चिंता जताते हुए लोगों को जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर परामर्श लेने की सलाह दी।
राज्यपाल ने चिकित्सकों से मरीजों के साथ भरोसेमंद संवाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना का भी नाम है।

