CG Patwari Protest : पटवारियों की हड़ताल पर डिप्टी CM साव की अपील, कही ये बड़ी बाते…

CG Patwari Protest : पटवारियों की हड़ताल पर डिप्टी CM साव की अपील, कही ये बड़ी बाते…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, चक्रवाती तूफान से फसल नुकसान और कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपनी बात रखी। उन्होंने पटवारियों से हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील की। साथ ही किसानों को राहत देने के लिए फसल नुकसान का सर्वे कराने और कांग्रेस के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी।

पटवारियों से काम पर लौटने की अपील

पीवी ऐप के विरोध में प्रदेशभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों को आंदोलन के जरिए अपनी मांग रखने का अधिकार है, लेकिन उन्हें जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। सरकार पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी। उन्होंने कर्मचारियों से जनहित को प्राथमिकता देते हुए काम पर लौटने की अपील की।

तूफान से फसल नुकसान का होगा सर्वे

चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण फसलों को हुए नुकसान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार सर्वे करा रही है। निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत फसल नुकसान की जानकारी देने वाले किसानों की फसलों का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।

दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना

1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर अरुण साव ने पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों से भटक गई है और अनावश्यक विषयों पर आंदोलन कर रही है। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव का आयोजन हो रहा है, लेकिन कांग्रेस यहां रहने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है।

छत्तीसगढ़ महतारी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

राज्योत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवाल पर भी उपमुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सरकार के मन में पूरा सम्मान है और इसके लिए कांग्रेस से प्रमाण लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

News and Politics