बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक निजी बीमा कंपनी की 25 वर्षीय महिला कर्मचारी ने रैपिडो चालक अभिषेक सलूजा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को रैपिडो की सवारी के दौरान युवती की आरोपी से पहचान हुई थी। अगले दिन आरोपी ने बीमा पॉलिसी लेने और उसकी जानकारी समझने के बहाने युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में बुलाया।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि लॉज के कमरे में आरोपी ने दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर धमकी दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
लॉज संचालक पर भी कार्रवाई की तैयारी
एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, जांच में सामने आया कि लॉज में युवती से पहचान पत्र लिया गया था, लेकिन आरोपी से आईडी नहीं मांगी गई। पुलिस ने इस लापरवाही को लेकर लॉज संचालक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की तैयारी की है।


