रायपुर, 14 सितम्बर। CM Sai: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक विश्वसनीय और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरा है। वर्ष 2026 में भारत को BRICS की अध्यक्षता और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी मिलना देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह हर भारतवासी के लिए गर्व का अवसर है। भारत अपने राष्ट्रीय हितों को मजबूती से आगे बढ़ाने के साथ विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की आवाज को भी वैश्विक मंचों पर मजबूती से उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” की थीम के साथ भारत की BRICS अध्यक्षता वैश्विक सहयोग, नवाचार और सतत विकास को नई दिशा देने का अवसर है। भारत का प्रयास दुनिया को साथ लेकर चलने और साझा प्रगति के नए रास्ते तैयार करने का रहा है।
आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट रुख
CM साय ने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक मंचों पर हमेशा स्पष्ट और दृढ़ रुख अपनाया है। वहीं डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के जरिए आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का भारतीय मॉडल दुनिया के लिए प्रेरणा बन रहा है।
उन्होंने कहा कि BRICS जैसे मंच भारत के विकास मॉडल, अनुभवों और भविष्य की संभावनाओं को दुनिया के साथ साझा करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका से देश और राज्यों में निवेश, तकनीक, नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग को मजबूत करने, ग्लोबल साउथ की आवाज को सशक्त बनाने और साझा समृद्धि के नए रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


