दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक्स गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देखकर एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर चाकूबाजी कर दी। आरोपियों ने युवक का पीछा करते हुए गैरेज में घुसकर हमला किया। बीच-बचाव करने आए गैरेज संचालक और उसके भाई को भी चाकू मार दिया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।
गैरेज में घुसकर किया हमला
मामला सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी का है। जानकारी के मुताबिक, नागेंद्र सोमंकर अपनी एक्स गर्लफ्रेंड को सारांश सिंह के साथ देखकर नाराज हो गया। इसके बाद उसने अजय ठाकुर समेत अपने साथियों के साथ दोनों का पीछा किया। बचने के लिए सारांश अपनी महिला मित्र के साथ कारफाई गैरेज में घुस गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और चाकू से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए दो भाइयों पर भी वार
गैरेज संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। वारदात में तीनों घायल हुए हैं। मनीष शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
कुछ घंटों में तीन आरोपी गिरफ्तार
हमले के बाद आरोपी सारांश का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। शिकायत और CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

