बिलासपुर। जिले के सेलर गांव में जमीन बंटवारे और 20 हजार रुपये के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे आशाराम केंवट को गिरफ्तार कर लिया है।
लोहे के हुक से हमला कर पेट्रोल डालकर लगाई आग
विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पिता विश्राम केंवट के सिर पर लोहे के हुक से कई वार किए। इसके बाद उनके सिर पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। गंभीर रूप से घायल विश्राम को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बरेली गांव से आरोपी गिरफ्तार
मृतक की बेटी दूरपति बाई रात्रे की शिकायत पर सीपत पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान आरोपी के बरेली गांव में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का हुक भी जब्त किया गया है। अब आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

