रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी की बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने के नाम पर महिला से दुष्कर्म और करीब 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है।
नशीला पानी पिलाकर किया दुष्कर्म
पुलिस के मुताबिक, मार्च 2026 में आरोपी ने 40 वर्षीय महिला को पूजा-पाठ के बहाने घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। वहां अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाया, जिससे महिला बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

बिजनेस के नाम पर भी वसूले पैसे
आरोपी और उसकी सहयोगी ने पूजा-पाठ, हवन और बिजनेस में काम दिलाने का झांसा देकर महिला से करीब 6 लाख रुपये वसूले। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर अनजान लोगों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।

