Cyber Fraud : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर डॉक्टर से लाखों की ठगी, इंदौर से आरोपी…

Cyber Fraud : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर डॉक्टर से लाखों की ठगी, इंदौर से आरोपी…

रायगढ़। शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर डॉक्टर से 34.17 लाख रुपये की ठगी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने इंदौर से रईस खान (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार, लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और 1,39,500 रुपये नकद समेत करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश के नाम पर ठगी

जूटमिल क्षेत्र के सोनकरपारा निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने 27 मई 2026 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से 28 अप्रैल 2025 से 3 अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 34,17,531 रुपये जमा कराए। ऑनलाइन पोर्टफोलियो में मुनाफा बढ़ता दिखाया गया, लेकिन रकम निकालने पर पैसे वापस नहीं मिले।

100 से 150 सिम कार्ड से जुड़े ठगी के तार

पुलिस जांच में ठगी का नेटवर्क इंदौर से जुड़ा मिला। इससे पहले पुलिस तनिषा पाटिल, ज्योति मालवीय और तरुण नागर को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में गिरोह को करीब 100 से 150 मोबाइल सिम कार्ड उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, रईस खान इंदौर में शेयर मार्केट एडवाइजरी का काम करता था और एक शेयर ब्रोकिंग कंपनी से सब-ब्रोकर के रूप में जुड़ा था। वह लोगों को डीमैट अकाउंट खुलवाने और अधिक मुनाफे का भरोसा देता था। जांच में सामने आया कि उसने 24 जून 2025 को डॉक्टर से चार बार फोन पर बात की थी।

कार समेत 12 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने ठगी की रकम से नवंबर 2025 में टाटा नेक्सॉन कार खरीदी थी। उसके पास से कार, लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और नकदी जब्त की गई है। इंदौर से ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाए जाने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

क्राइम न्यूज