Durg Fraud Case: फोन करने के बहाने मांगा मोबाइल… खाते से उड़ाए 1.48 लाख

Durg Fraud Case: फोन करने के बहाने मांगा मोबाइल… खाते से उड़ाए 1.48 लाख

दुर्ग, 11 सितम्बर। Durg Fraud Case: जिला अस्पताल में रिश्तेदार को फोन करने के बहाने मोबाइल मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। मोबाइल हाथ लगते ही आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से 1 लाख 48 हजार 301 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को बालोद जिले के तमोरा से गिरफ्तार कर लिया।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शासकीय जिला अस्पताल का है। महमरा निवासी कुलेश्वर निषाद अपने पिता के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान कमलजीत बांदे उर्फ कमल ने रिश्तेदार को फोन करने की बात कहकर उनसे मोबाइल मांगा। मोबाइल मिलते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।

इसके बाद आरोपी ने मोबाइल का इस्तेमाल कर पीड़ित के बैंक खाते से ₹1,48,301 निकाल लिए। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपी को बालोद के तमोरा से गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ₹55,700 का सामान और ₹20,200 नगद बरामद किया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

देश-विदेश