Raipur Ganesh Jhanki: रायपुर में रातभर निकलीं गणेश विसर्जन की झांकियां… सुबह तक गूंजे बप्पा के जयकारे

Raipur Ganesh Jhanki: रायपुर में रातभर निकलीं गणेश विसर्जन की झांकियां… सुबह तक गूंजे बप्पा के जयकारे

रायपुर, 29 सितंबर। Raipur Ganesh Jhanki: राजधानी रायपुर में सोमवार रात गणेश विसर्जन की झांकियों का भव्य नजारा देखने को मिला। शाम से शुरू हुआ झांकियों का सिलसिला देर रात से लेकर सुबह तक जारी रहा। ढोल-नगाड़ों, बैंड और डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए। रंग-बिरंगी रोशनी से सजी झांकियों को देखने के लिए सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ भगवान गणेश को विदाई दी।

50 से ज्यादा झांकियों में दिखीं धार्मिक कथाएं

गणेश विसर्जन में 50 से अधिक झांकियां शामिल हुईं। इनमें ज्यादातर झांकियां भगवान राम और शिव की लीलाओं पर आधारित थीं। भगवान विष्णु के दस अवतार, नृसिंह लीला, सती प्रसंग और राधा-कृष्ण की रासलीला ने लोगों का ध्यान खींचा।

एक झांकी में अद्भुत रामायण का प्रसंग दिखाया गया, जिसमें माता सीता महाकाली का रूप धारण कर सहस्र रावण का संहार करती हैं। वहीं, यमराज और रावण के बीच युद्ध का प्रसंग भी झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कांतारा और आदिवासी संस्कृति की दिखी झलक

धार्मिक झांकियों के साथ दक्षिण भारतीय फिल्म ‘कांतारा’ पर आधारित झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, छत्तीसगढ़ के जल, जंगल और जमीन पर आधारित झांकी में आदिवासी संस्कृति को दर्शाया गया। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। झांकी में ऑक्सीजन मास्क लगाए बच्चे को दिखाकर लोगों को प्रकृति बचाने के प्रति जागरूक किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने किया झांकियों का स्वागत

झांकियों के स्वागत और प्रतियोगिता के लिए शहर में विभिन्न मंच बनाए गए थे। महापौर मीनल चौबे, भाजपा के मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित अखिल भारतीय संत समाज और रायपुर प्रेस क्लब के मंच से झांकियों का स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्प वर्षा भी की गई।

शहर के शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार और सत्ती बाजार से होते हुए झांकियां महादेवघाट पहुंचीं। यहां गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पूरी रात राजधानी में उत्सव का माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ बप्पा को विदाई दी।

छत्तीसगढ़