रायपुर, 02 अक्टूबर। Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए 2 अक्टूबर का दिन शानदार रहा। बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन, परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल ने गोल्ड मेडल जीतकर भारत को एक ही दिन तीन स्वर्ण दिलाए। वहीं कुश्ती में सुजीत कलकल ने भी गोल्ड अपने नाम किया।
सबसे पहले लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद परवीन हुड्डा ने 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 से हराकर गोल्ड हासिल किया।
परवीन के लिए यह जीत खास रही। पिछले एशियन गेम्स में जीता गया उनका ब्रॉन्ज डोपिंग नियमों के उल्लंघन के बाद वापस ले लिया गया था। अब उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड अपने नाम किया।
इसके बाद अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में दक्षिण कोरिया के किम मिनसॉन्ग को हराकर भारत को बॉक्सिंग का तीसरा गोल्ड दिलाया। इसके साथ भारत ने एक ही दिन बॉक्सिंग में तीन स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की।
कुश्ती में भी भारत को सफलता मिली। सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुडिएव को हराकर गोल्ड मेडल जीता।
इन नतीजों के साथ 2 अक्टूबर को भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या 15 हो गई और पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया।

