रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। धान बेचने के लिए ‘तुंहर टोकन’ ऐप और ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया गया है। अब किसान समितियों के चक्कर लगाए बिना मोबाइल से घर बैठे टोकन बुक कर सकेंगे।
70% टोकन मोबाइल ऐप से मिलेंगे
नई व्यवस्था के तहत कुल टोकन में से 70 प्रतिशत मोबाइल ऐप और 30 प्रतिशत टोकन समितियों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने की तारीख भी चुन सकेंगे।
रकबे के अनुसार मिलेंगे टोकन
किसानों को उनके रकबे के हिसाब से टोकन दिए जाएंगे। इसके तहत 1 से 5 एकड़ तक एक, 5 से 10 एकड़ तक दो और 10 एकड़ से अधिक रकबे पर तीन टोकन मिलेंगे। समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी होगी।
15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। नई ऑनलाइन व्यवस्था से किसानों को लंबी कतारों और समितियों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

