नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। भरभड़िया चौराहे के पास स्थित हाईवे 24×7 होटल-कैफे में हुई इस मारपीट में पूर्व भाजपा जिला मंत्री मनीष चोरसिया के 24 वर्षीय बेटे ईशान चोरसिया की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
50 से ज्यादा युवक भिड़े
विवाद की शुरुआत निहाल शर्मा और रुद्राक्ष के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर हुई थी। ईशान और मेग जैन बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन मामला बिगड़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा युवक लाठी-डंडों के साथ भिड़ गए। इस दौरान एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश का भी आरोप है।

अस्पताल में हुई मौत, 4 हिरासत में
ईशान को शुरुआत में होश था, लेकिन जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसके सिर और कान के नीचे अंदरूनी चोट के निशान मिले हैं। वहीं, घायल निहाल (20) और रुद्राक्ष (25) को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद हाईवे किनारे देर रात तक खुले रहने वाले होटल और कैफे पर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।

