पटना। बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र में दीपावली की रात तीन युवकों ने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपियों ने पीड़िता की छोटी बहन को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना 8 नवंबर की रात की है। दोनों बहनें रात करीब 11 बजे अपने पिता को खोजने निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बड़ी बहन को पकड़कर उसका मुंह कपड़े से बांध दिया और विरोध करने पर छोटी बहन पर पिस्टल तान दी।
इसके बाद आरोपी बड़ी बहन को घसीटकर सुनसान सड़क पर ले गए, जहां तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। छोटी बहन का आरोप है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और दोनों को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के करीब दो घंटे बाद दोनों बहनें घर पहुंचीं और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

